Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा के कैथल में पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ISI को भेज रहा था सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी

May 17, 2025

हरियाणा के कैथल में पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ISI को भेज रहा था सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी

Pakistani spy: हरियाणा के कैथल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गांव मस्तगढ़ निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र सिंह ढिल्लो को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (आईएसआई) के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

कैथल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) आस्था मोदी ने बताया कि आरोपी करतारपुर कॉरिडोर के जरिए पिछले साल नवंबर में पाकिस्तान गया था, जहां वह पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में आया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक देवेंद्र सिंह पंजाब के पटियाला स्थित खालसा कॉलेज में एमए (राजनीति विज्ञान) का छात्र है और वह देश की सैन्य गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां, खासकर पटियाला मिलिट्री कैंट की तस्वीरें, पाकिस्तान भेज रहा था। इसके बदले में उसे पाकिस्तान से भारी रकम मौज-मस्ती के लिए दी जा रही थी।

देवेंद्र को 12 मई को तब गिरफ्तार किया गया था, जब उसने अपनी फेसबुक आईडी पर पिस्तौल और बंदूकों के साथ तस्वीरें पोस्ट की थीं। पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही, उसके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि उसने सूचनाओं के बदले में कितनी रकम प्राप्त की।

एसपी आस्था मोदी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दोबारा पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि और जानकारी जुटाई जा सके।

गौरतलब है कि इसी सप्ताह हरियाणा के पानीपत से भी नौमान इलाही नामक युवक को पाकिस्तानी एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था और सूचनाओं के बदले पैसे अपने जीजा और कंपनी के ड्राइवर के खातों में मंगवाता था।

इसके अलावा, ऑपरेशन सिंदूर के तहत पंजाब से भी दो संदिग्ध जासूसों को पकड़ा जा चुका है। हरियाणा पुलिस की यह कार्रवाई देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है और इससे पाकिस्तान की खुफिया साजिशों पर एक और बड़ा पर्दाफाश हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें