
AI CCTV: राज्य की जेलों को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए एआई आधारित अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ताकि, जेलों में नशा करते या सप्लाई करते पकड़े जाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। यह शब्द जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने रूपनगर जेल का निरीक्षण करते समय व्यक्त किए। उन्होंने जेल का गहनता से निरीक्षण किया और बंदियों की समस्याएं सुनी।
भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य की जेलों में बंद कैदियों के सुधार और उन्हें अच्छा नागरिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कैदियों को उत्पादक नागरिक के रूप में समाज में पुन: एकीकृत करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। लालजीत भुल्लर ने कहा कि राज्य की जेलों में मोबाइल फोन के अवैध प्रयोग और आपराधिक तत्वों की नापाक गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं और पंजाब की जेलों को नवीनतम सुरक्षा उपकरणों से लैस करना भी उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके अलावा उन्होंने जेल अधिकारियों को अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से निभाने को कहा तथा नशीले पदार्थो, मोबाइल फोन तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री पर पूरी तरह से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की सभी जेलों में जैमर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की स्वीकृति भी ले ली गई है। इस मौके पर जेल अधीक्षक मनजीत सिंह टिवाना, डीएसपी कंवर बीपी सिंह, डीएसपी राहुल ग्रोवर, डीएसपी (सुरक्षा) भूपिंदर सिंह, डीएसपी राजपाल सिंह गिल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...