Severe Storm in America : अमेरिका के सेंट लुईस में बवंडर और भीषण तूफान के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है तथा फंसे हुए या घायल लोगों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है। शुक्रवार दोपहर आए तूफान से इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, पेड़ और बिजली की लाइनें और खंभे गिर गए। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।
सेंट लुईस की मेयर कारा स्पेंसर ने मीडिया से बात करते हुए कम से कम चार लोगों की मौत की पुष्टि की। स्पेंसर ने कहा, “यह वास्तव में विनाशकारी है।” उन्होंने कहा कि शहर में आपातकाल की घोषणा की प्रक्रिया चल रही है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने संकेत दिया कि दोपहर 2:30 बजे से 11:30 बजे के बीच सेंट लुईस क्षेत्र के क्लेटन, मिसौरी में एक बवंडर आया।
मौसम विज्ञानियों ने पूर्वानुमान लगाया है कि शुक्रवार को अप्पालाचिया सहित कई स्थानों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज तूफान आने की संभावना है। मौसम सेवा ने शुक्रवार शाम को इलिनोइस के मैरियन के आसपास एक दुर्लभ तूफान की आपातकालीन चेतावनी जारी की, जिसमें कहा गया कि तूफान की पुष्टि हो चुकी है और यह घातक है।