
Northern Mexico Fire : उत्तरी मेक्सिको के कोआहुइला राज्य के साल्टिलो शहर में शनिवार तड़के एक भीषण आग ने एक पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर दी। तड़के करीब 4 बजे लगी आग में पांच मासूम बच्चों सहित सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घर में कॉस्मेटिक प्रयोजनों के लिए बड़ी मात्रा में एसीटोन, पेंट और सॉल्वैंट्स जैसे अत्यधिक ज्वलनशील रसायनों का भंडारण किया गया था। माना जा रहा है कि एक मोमबत्ती की लौ इन पदार्थों के संपर्क में आई, जिससे आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया।
मारे गए लोगों में दो महिलाएं एक 64 वर्षीय बुजुर्ग और एक 28 वर्षीय युवती के अलावा पांच बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र महज 5 से 15 वर्ष के बीच थी। यह परिवार गहरी नींद में था, जब आग ने उन्हें घेर लिया।
मौके पर पहुंचीं दमकलकर्मी और पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, पुलिस और आपातकालीन सेवा टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कोआहुइला की राज्य सरकार ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्थानीय नागरिकों से आग से जुड़ी सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। खासकर मोमबत्तियों और ज्वलनशील पदार्थों के प्रयोग को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
यह घटना न केवल सुरक्षा उपायों की अनदेखी की कीमत को उजागर करती है, बल्कि उन हजारों घरों के लिए चेतावनी है, जहां इस तरह के खतरनाक पदार्थ बिना उचित सावधानी के रखे जाते हैं।