Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM मान बोले, ‘AAP’ के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों के रिकॉर्ड परिणाम, जिससे मनचाहे शानदार नतीजे आए

May 19, 2025

CM मान बोले, ‘AAP’ के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों के रिकॉर्ड परिणाम, जिससे मनचाहे शानदार नतीजे आए

‘AAP’: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी ‘आप‘ के नेतृत्व में 10वीं और 12वीं कक्षा के रिकॉर्ड परिणाम शानदार नतीजे दर्शाते हैं कि राज्य ‘रंगला पंजाब’ बनने की ओर बढ़ रहा है, जिसमें नौजवान निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। यहां अपने सरकारी निवास पर 10वीं और 12वीं कक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में पहले ही क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं, जिससे मनचाहे नतीजे सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और ग्रामीण इलाकों के स्कूलों की पास प्रतिशतता 96.09 फीसदी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहरी स्कूलों में भी पास प्रतिशतता लगभग 94} रही है जो कि बेमिसाल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि राज्य के कुल 3,840 हाई सैकेंडरी स्कूलों में से लगभग 1,000 का नतीजा 100 फीसदी रहा है। उन्होंने कहा कि यह नया पंजाब है क्योंकि पड़ोसी राज्य हरियाणा के 12 स्कूलों के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में बुरी तरह फेल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 26 विद्यार्थी उभरते खिलाड़ी भी हैं, जो शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नतीजों में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि पंजाब के हर कोने में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की रोशनी फैलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे ठोस प्रयासों का नतीजा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब एक अग्रणी राज्य था और यह हमेशा अग्रणी रहेगा क्योंकि पंजाबियों को कड़ी मेहनत करने का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपना कर्तव्य बहुत जिम्मेदारी और उत्साह के साथ निभा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पंजाब हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के नौजवानों को हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के गुण विरासत में मिले हैं और उनकी क्षमता का सार्थक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और नौजवान जहाज की तरह हैं और राज्य सरकार उन्हें सपनों की उड़ान भरने के लिए ‘लॉन्चपैड’ (उपयुक्त मंच) प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नशीली दवाओं की समस्या पिछली सरकारों से विरासत में मिली बुरी लत है। इस समस्या ने पंजाब की तरक्की नहीं होने दी, जिसके कारण हालात बदतर हो गए थे। नशीली दवाओं के विरुद्ध जंग में विद्यार्थियों के पूर्ण सहयोग की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं का अभिशाप राज्य के माथे पर कलंक है और हम सभी को एकजुट होकर इसे मिटाना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें