Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बहनों के साथ धोखा हुआ, ऑपरेशन सिंदूर में एक भी आतंकी नहीं मारा गया’, स्वामी प्रसाद मौर्य का केंद्र पर हमला

May 20, 2025

‘बहनों के साथ धोखा हुआ, ऑपरेशन सिंदूर में एक भी आतंकी नहीं मारा गया’, स्वामी प्रसाद मौर्य का केंद्र पर हमला

मुख्य बिंदू
-ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल: एक भी आतंकी नहीं मारा गया
-महिलाओं के नाम पर राजनीति: बहनों को सम्मान नहीं, अपमान मिला
-भाजपा पर हमला: 400 सीटें आतीं तो संविधान बदल जाता
-वन नेशन-वन एजुकेशन की मांग: सब बच्चों को समान शिक्षा मिलनी चाहिए

नेशनल डेस्क: मंगलवार को अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामनगरी अयोध्या में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हाल ही में किए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि यह अभियान दिखावे के अलावा कुछ नहीं था।

मौर्य ने कहा, “जब ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ तो लगा कि अब आतंकवादियों का सफाया होगा, लेकिन 24 घंटे में सब शांत हो गया।” उन्होंने कहा, “सरकार दावा कर रही थी कि यह बहनों की रक्षा और आतंकवाद के खात्मे के लिए है, लेकिन न एक भी आतंकी मारा गया और न ही कोई ठोस नतीजा सामने आया।”

बहनों के नाम पर हुआ धोखा
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सरकार पर महिलाओं के सम्मान के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा, “बहनों के सम्मान की बात करके उनके साथ छल किया गया। सरकार ने देशवासियों और बहनों की आंखों में धूल झोंकी है।”

400 सीटें आती तो संविधान बदल देते
उन्होंने यह भी कहा कि अगर भाजपा को 400 सीटें मिल गई होती तो आज देश का संविधान खतरे में होता। मौर्य ने कहा, “सौभाग्य है कि देश की जनता ने भाजपा को 400 का आंकड़ा नहीं पार करने दिया और बैसाखी पर खड़ा कर दिया।”

वन नेशन-वन एजुकेशन पहले लागू हो
मौर्य ने पीएम मोदी के ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ नारे पर तंज कसते हुए कहा, “अगर सबकुछ एक जैसा करना ही है, तो पहले वन नेशन-वन एजुकेशन लागू करो। अमीर-गरीब, गांव-शहर के बच्चों को एक जैसी शिक्षा दो, ताकि समान अवसर मिलें।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें