Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Operation Sindoor: ‘स्वर्ण मंदिर में एयर डिफेंस गन तैनात नहीं की गई थी’, सेना ने दी जानकारी

May 20, 2025

Operation Sindoor: ‘स्वर्ण मंदिर में एयर डिफेंस गन तैनात नहीं की गई थी’, सेना ने दी जानकारी

नेशनल डेस्क: हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में एयर डिफेंस गन तैनात की गई थी, ताकि पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल हमलों से इस पवित्र स्थल की रक्षा की जा सके। लेकिन अब भारतीय सेना ने इस खबर को पूरी तरह गलत बताया है। सेना ने साफ किया कि स्वर्ण मंदिर के परिसर में कोई एयर डिफेंस गन तैनात नहीं की गई थी।

सेना के वायु रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सुमेर इवान डी’कुन्हा ने एक पॉडकास्ट में ऐसा दावा जरूर किया था, लेकिन बाद में सेना की ओर से ही उस बयान को खारिज कर दिया गया। सेना ने कहा कि यह बयान सही नहीं था और हकीकत में ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसी तरह, श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी (धार्मिक प्रमुख) ने भी इस तरह के किसी भी दावे को गलत बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में कोई भी ऐसा हथियार तैनात नहीं किया गया है।

पाकिस्तान के ड्रोन हमलों की आशंका


9 मई को अमृतसर के 5 अलग-अलग इलाकों में करीब 15 पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे। इनमें से कई ड्रोन्स को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद पूरे अमृतसर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया था, कुछ इलाकों में ब्लैकआउट (बिजली बंद) किया गया और आम नागरिकों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई।

दरअसल, “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद पाकिस्तान काफी नाराज था और उसने भारत के सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक पाकिस्तानी ड्रोन्स मंडराते देखे गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वर्ण मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाए जाने की आशंका थी। लेकिन भारत के सतर्क एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते इन खतरों को नाकाम कर दिया और किसी भी बड़े नुकसान को टाल दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें