Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘नाकाम देश है पाकिस्तान’… बहरीन में PAK पर भड़के AIMIM प्रमुख, शहबाज शरीफ को सुना दी खरी खोटी

May 25, 2025

‘नाकाम देश है पाकिस्तान’… बहरीन में PAK पर भड़के AIMIM प्रमुख, शहबाज शरीफ को सुना दी खरी खोटी

नेशनल डेस्क : बहरीन में भारत का एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों आधिकारिक दौरे पर है, जिसका नेतृत्व बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा कर रहे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हैं, जिनमें AIMIM के सांसद असदुद्दीन ओवैसी, निशिकांत दुबे, फंगनोन कोन्याक, रेखा शर्मा, सतनाम सिंह संधू, गुलाम नबी आज़ाद, और राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला जैसे प्रमुख चेहरे मौजूद हैं। वहीं बहरीन गए भारतीय सांसदों में से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान को जमकर फटकार लगाई है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

ओवैसी का पाकिस्तान पर सीधा हमला

दरअसल, इस डेलिगेशन की बैठकों के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने पाकिस्तान को एक ‘नाकाम देश’ बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से आतंकवादी संगठनों को समर्थन और प्रायोजन देता आ रहा है। ओवैसी ने कहा, “जब तक पाकिस्तान आतंकियों की मदद करना बंद नहीं करेगा, भारत और दुनिया को आतंक के खतरे से राहत नहीं मिल सकती।”

भारत आतंकवाद से लगातार जूझ रहा है

ओवैसी ने अपनी बात में स्पष्ट किया कि भारत को पिछले कई वर्षों से आतंकवाद की बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की वजह से सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान गई है। उन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए बताया कि इस घटना ने कितने घर उजाड़ दिए। उन्होंने भावुक होकर कहा, “एक महिला, जिसकी शादी को महज छह दिन हुए थे, सातवें दिन विधवा हो गई। दूसरी महिला का पति, जिससे उसने दो महीने पहले ही शादी की थी, इस हमले में मारा गया। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि टूटे हुए परिवारों की कहानी है।”

फंडिंग देने वालों पर कड़ी कार्रवाई …

ओवैसी ने यह भी कहा कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है और अगर पाकिस्तान ने कोई नई गलती की, तो इस बार भारत का जवाब पहले से कहीं ज़्यादा सख्त होगा। उन्होंने यह भी अपील की कि दुनिया को एकजुट होकर आतंकी फंडिंग पर लगाम लगानी चाहिए।

FATF में  PAK को ग्रे लिस्ट में डालने की…

AIMIM नेता ने बहरीन सरकार से अपील की कि वह FATF (Financial Action Task Force) में पाकिस्तान को फिर से ग्रे लिस्ट में डालने के लिए भारत का समर्थन करे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का पैसा आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहा है, और इसे रोकना पूरी दुनिया की जिम्मेदारी है।

आतंक के खिलाफ एकजुट हों सब देश

भारत के इस बहरीन दौरे का मुख्य उद्देश्य वैश्विक मंच पर आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को स्पष्ट करना और सहयोगी देशों से समर्थन प्राप्त करना है। असदुद्दीन ओवैसी के बयानों से यह संदेश गया है कि आतंक के खिलाफ भारत की नीति दलगत राजनीति से ऊपर है और देश की सुरक्षा सबसे पहले है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें