Decline in Stock Market: बीते दो कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की चाल धीमी पड़ गई। वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के बीच बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में शुरुआती कारोबार के दौरान तेज गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स जहां 627 अंक तक लुढ़क गया, वहीं निफ्टी भी 178 अंक तक फिसल गया।
-सुबह से ही बाजार में मंदी का माहौल
सत्र की शुरुआत में ही सेंसेक्स 460.38 अंकों की गिरावट के साथ 81,716.07 पर खुला, जबकि निफ्टी ने 162.05 अंकों की गिरावट के साथ 24,839.10 पर कारोबार शुरू किया। थोड़ी ही देर में गिरावट और गहराई और सेंसेक्स 627.86 अंक टूटकर 81,548.59 और निफ्टी 178 अंक फिसलकर 24,807.95 अंक पर पहुंच गया।

-लाल निशान पर रहे दिग्गज शेयर
सेंसेक्स में शामिल 30 में से अधिकांश कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे। एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इन्फोसिस, एक्सिस बैंक और टाटा मोटर्स जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। केवल इंडसइंड बैंक के शेयरों में हल्की तेजी देखी गई, जो दिन के एकमात्र सकारात्मक संकेतों में से एक रहा।
-एशियाई बाजारों में भी कमजोरी
मंगलवार को एशियाई शेयर बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। जापान का निक्केई 225, हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट सभी नुकसान में कारोबार करते नजर आए। इससे भारतीय निवेशकों के मनोबल पर भी असर पड़ा।
-कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 0.26 प्रतिशत की गिरावट आई, और यह 64.56 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर रहा। हालांकि इससे तेल आयातक देशों के लिए कुछ राहत जरूर रही, लेकिन इसका असर बाजार की गिरावट को थामने में नाकाफी साबित हुआ।शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 135.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके बावजूद बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिससे साफ है कि घरेलू निवेशकों की धारणा कमजोर बनी हुई है।
देखें आगामी आर्थिक आंकड़ों
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि निवेशक आने वाले दिनों में औद्योगिक उत्पादन और जीडीपी के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। यह आंकड़े बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। फिलहाल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।