
Photography ban on Railway Station : पूर्वी रेलवे ने सभी ब्लॉगरों और यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स से एक विशेष अनुरोध करते हुए कहा है कि वे रेलवे स्टेशनों के वीडियो और तस्वीरें लेना बंद करें। यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों की विस्तृत फोटो या वीडियो बनाने से सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया अहम निर्णय
पूरी जानकारी देते हुए पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म की तस्वीरें या वीडियो बनाना अब पूरी तरह प्रतिबंधित है। अधिकारियों ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि कोई भी व्यक्ति महत्वपूर्ण स्टेशनों की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न कर सके।
जासूस ज्योति मल्होत्रा केस के बाद आया आदेश
यह सख्त निर्देश हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद जारी किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को संवेदनशील जानकारी दी। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन विशेष रूप से सतर्क हो गया है और स्टेशनों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
वीडियो ब्लॉग बनाना अब चिंता का विषय
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कई ब्लॉगर और यूट्यूबर स्टेशन परिसरों में वीडियो ब्लॉग बनाते हैं, जो बेहद चिंताजनक है। अधिकारियों का कहना है कि भले ही देशभर में यह प्रतिबंध पहले से लागू था, लेकिन कई लोग इन दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे।
ब्लॉगर और यूट्यूबर से की गई अपील
पूर्वी रेलवे ने सभी कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और स्टेशन परिसर में फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी से परहेज करें। प्रवक्ता ने दो टूक कहा कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और यही वजह है कि यह प्रतिबंध अत्यावश्यक है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...