Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ज्योति मल्होत्रा के संपर्क में रहा पंजाब का यूट्यूबर गिरफ्तार

June 5, 2025

ज्योति मल्होत्रा के संपर्क में रहा पंजाब का यूट्यूबर गिरफ्तार

चंडीगढ़/मोहाली : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ी गई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के साथ कथित रूप से निकट संपर्क में रहे पंजाब के एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इससे पहले एक ‘आतंकवाद समर्थित जासूसी नैटवर्क’ का पता लगाया, जो उसे पाकिस्तान के खुफिया और सैन्य अधिकारियों से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि ‘जान महल’ नाम का यूट्यूब चैनल संचालित करने वाले एवं रूपनगर जिले के महलां गांव निवासी जसबीर सिंह का संबंध एक पाकिस्तानी खुफिया एजैंट (पीआईओ) से पाया गया है। उन्होंने कहा कि वह जासूस के आरोपों में नई दिल्ली से हाल में निष्कासित पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी के संपर्क में था और पड़ोसी देश की अपनी 3 यात्रओं में से एक में पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों से मिला था।

सिंह को मोहाली की एक अदालत में पेश किया गया जिसने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया। सिंह के यूट्यूब चैनल पर 11 लाख से ज्यादा ‘सब्सक्राइबर’ हैं। वह ज्योति मल्होत्र के साथ कथित रूप से निकट संपर्क में था, जिसे हरियाणा पुलिस ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जान महल’ नामक एक यूट्यूब चैनल संचालित करने वाले जसबीर सिंह का संबंध पीआईओ शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा के साथ पाया गया है, जो आतंक-समर्थित जासूसी नैटवर्क का हिस्सा है।’ डीजीपी ने बताया कि उसका दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के उस अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से भी संपर्क था, जिसे भारत से निष्कासित कर दिया गया था।

शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा, जांच से पता चला है कि दानिश के निमंत्रण पर जसबीर दिल्ली में ‘पाकिस्तान राष्ट्रीय दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुआ था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों और व्लॉगर्स से हुई थी। वह 3 बार (2020, 2021, 2024 में) पाकिस्तान गया था और उसके इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों में पाकिस्तान के कई नंबर थे, जिनकी अब विस्तृत फोरैंसिक जांच की जा रही है।’ यादव ने बताया कि मल्होत्र की गिरफ्तारी के बाद सिंह ने पकड़े जाने से बचने के लिए पीआईओ के साथ अपने संवाद के सभी निशान मिटाने का प्रयास किया। मोहाली में राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ में एफआईआर दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें : केंद्र का बयान, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं; PNG विस्तार पर जोर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें