जालंधर: गांव सागवाल की रेलवे लाइनों के निकट पेड़ से लटकता 19 वर्षीय प्रवासी युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह युवक पिछले तीन दिन से घर से लापता था। मृतक के परिजनों ने साथ वाले क्वार्टर में रहते प्रवासी परिवार पर बेटे की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का आरोप लगाया। थाना सात की पुलिस ने फिलहाल सुसाइड का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना सात के अधीन पड़ते फेस 2 के पास बनी रेलवे लाइन के समीप 19 वर्षीय प्रवासी युवक का पेड़ पर फंदे से लटका शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है।
परिवार जालंधर में मजदूरी कर किसी तरह अपना गुजारा करता था जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना थाना सात की पुलिस को दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार ने लड़की पर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है, कि एक लड़की बेटे को फोन करती थी। जब इस बारे में उक्त लड़की के परिवार वालों को बताया गया तो उसके परिवार वालों ने बेटे को धमकाना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी के चलते पिछले तीन दिनों से बेटा लापता था, आज दोपहर उसका शव रेलवे लाइन के पास पेड़ से लटकता हुआ बरामद हुआ। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी जिन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भेज दिया है।
घटनास्थल पर विलाप करते हुए परिवार ने कहा कि बेटे को जब धमकी मिली तो मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई, मगर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई और तीन दिनों से बच्चा लापता था। आज दोपहर के वक्त बेटा पेड़ से लटका हुआ मिला। परिवार ने मामले में उक्त लड़की के परिवार पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में एसीपी माडल टाऊन रूपदीप कौर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मृतक युवक के परिजनों की तरफ से जो आरोप लगाए गए हैं उसकी जांच की जा रही है, तो वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Strait of Hormuz पर लगेगा टोल! ईरान की पार्लियामेंट सिक्योरिटी कमिटी ने दी मंजूरी