
गुजरात डेस्क : अहमदाबाद के ओढव इलाके में पुलिस को उस वक्त हैरानी हुई जब एक वॉन्टेड अपराधी को पकड़ने पहुंची टीम के सामने वह बिल्कुल फिल्मी अंदाज में फ्लैट की खिड़की के बाहर जा खड़ा हुआ। आरोपी ने फ्लैट की पांचवीं मंजिल की एक संकरी जगह में जाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और कूदने की धमकी देने लगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
आत्मसमर्पण करने से अच्छा है मैं मर जाऊं
दरअसल, जब पुलिस ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, तो वह चिल्लाने लगा कहा, “मुझे पता है आप मेरे साथ कैसा व्यवहार करेंगे। यह बहुत बुरा होने वाला है। आपके सामने सरेंडर करने से अच्छा है कि मैं मर जाऊं।” इतना ही नहीं, उसने पूरी घटना को सोशल मीडिया पर लाइवस्ट्रीम करना शुरू कर दिया और पुलिस को धमकाते हुए लगातार पीछे हटने की मांग करने लगा।
अहमदाबाद में एक क्रिमिनल अभिषेक उर्फ शूटर AK 47 को पकड़ने गई सिटी क्राइम ब्रांच की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. दरअसल क्रिमिनल वहां फिल्म शोले की स्टाइल में कूदने की धमकी देने लगा.#viralvideo #Ahmedabad pic.twitter.com/TcyTUKuaOb
— Balmukund Joshi (@balmukundjoshi) June 7, 2025
भीड़ जुटी, वीडियो हुआ वायरल
वहीं इस पूरे ड्रामे के दौरान घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाए जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी लगातार आरोपी को समझाते रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम अभिषेक, उर्फ ‘शूटर’ संजय सिंह तोमर है। वह अहमदाबाद के कई पुलिस थानों में दर्ज सात आपराधिक मामलों में वांछित था। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि वह शिवम आवास सोसाइटी, एक्स विंग, फ्लैट नंबर 505 में छिपा हुआ है। जब अधिकारी वहां पहुंचे तो उसने दरवाजा नहीं खोला और खिड़की से भागने की कोशिश की।
3 घंटे चला ड्रामा, आखिरकार गिरफ्तारी
जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि वह पांचवीं मंजिल के किनारे खड़ा है। उसने पुलिस को पास आने से मना किया और कूदने की धमकी देने लगा। तीन घंटे की मशक्कत और फायर ब्रिगेड की मदद से आखिरकार उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राजियान ने बताया कि आरोपी कई संगीन मामलों में शामिल रहा है और लंबे समय से फरार था। पुलिस अब उसके गैंग और अन्य आपराधिक संपर्कों की जांच कर रही है।