Amritsar factory fire : पंजाब के अमृतसर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। थाना गेट हकीमां के अंतर्गत आने वाले अनगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक पेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में आग लगने का कारण बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के वक्त फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री आग की लपटों में घिर गई।
दमकल विभाग ने दो घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि उसे पूरी तरह बुझाने में करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया और आस-पास की इमारतों को सुरक्षित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। दो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं झुलसे हुए व्यक्ति का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और फैक्ट्री के कानूनी दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।