
Jansuraj Party : जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के आरा में दिये गये बयान पर प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि प्रदेश की जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) दोनों को देख लिया है, जिसको जितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है लड़े, उनकी पार्टी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
किशोर ने रविवार को यहां बिहार बदलाव यात्रा के तहत जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पासवान के आज आरा में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिसको जितने सीटों पर चुनाव लड़ने है वह लड़े। जन सुराज बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुये कहा कि मुझे लगता है कि ये चुनाव से पहले गठबंधन में ज़्यादा से ज़्यादा सीटें पाने की पार्टियों की रणनीति है। जनता को इससे कोई मतलब नहीं है कि कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और न ही इसका बिहार के विकास से कोई लेना-देना है। पार्टियों को बताना चाहिए कि बिहार में बच्चों को शिक्षा और रोजगार कैसे मिल सके, इसके लिए उनका क्या विजन है। पार्टियों और उनके नेताओं को बताना चाहिए कि बिहार से पलायन कैसे रुकेगा, बिहार में भ्रष्टाचार कैसे खत्म होगा।
किशोर ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वोट बिहार के लोगों का है, इसलिए फैक्ट्री भी बिहार में लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार यदि प्रधानमंत्री मोदी भी उनके लिए वोट मांगें तो भी उन्हें वोट नहीं देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में जनता का राज स्थापित होना चाहिए, न कि लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार या नरेन्द्र मोदी का राज।
मेष: दिन शुभ रहेगा...