Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

अपग्रेड होगी मुंबई लोकल ट्रेनें, लगेंगे स्वचालित दरवाजे, हादसे के बाद नींद से जागी सरकार

June 10, 2025

अपग्रेड होगी मुंबई लोकल ट्रेनें, लगेंगे स्वचालित दरवाजे, हादसे के बाद नींद से जागी सरकार

Mumbai local trains : मुंबई में सोमवार को एक लोकल ट्रेन से गिरने से कुछ यात्रियों की मौत की दुखद घटना के मद्देनजर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फैसला किया कि मुंबई की सभी लोकल ट्रेनों में स्वचालित दरवाज़े लगाए जाएंगे। रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड के उच्च अधिकारियों ने चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ) की एक टीम के साथ विस्तृत बैठक की और इस समस्या का व्यावहारिक स्थायी समाधान खोजने का प्रयास किया।

लोकल ट्रेनों में लगेंगे स्वचालित दरवाजे-
सूत्रों के अनुसार बैठक में यह फैसला लिया गया कि मुंबई में सभी लोकल ट्रेनों में स्वचालित दरवाज़े लगाए जाएंगे लेकिन लोकल नॉन एसी ट्रेनों में स्वचालित दरवाजे बंद होने के कारण आने वाली समस्या का व्यावहारिक समाधान खोजना था।

वेंटिलेशन की समस्या होगी खत्म-
बैठक में माना गया कि गैर एसी ट्रेनों में स्वचालित दरवाजे बंद होने की सबसे बड़ी समस्या वेंटिलेशन कम होने के कारण दम घुटने की है। विस्तृत चर्चा के बाद, यह निर्णय लिया गया कि नयी गैर एसी ट्रेनें डिजाइन और निर्मित की जाएंगी, जहां वेंटिलेशन की मुख्य समस्या को गाड़ी की डिजाइन में तीन परिवर्तन करके हल किया जाएगा।

ये होंगे बदलाव –
सबसे पहले, दरवाजों में लौवर होंगे। दूसरा, कोचों में ताजी हवा के लिए छत पर वेंटिलेशन यूनिट लगे होंगे। और तीसरा, कोचों में वेस्टिबुल होंगे ताकि यात्री एक कोच से दूसरे कोच में जा सकें और भीड़ को प्राकृतिक तरीके से संतुलित कर सकें।

इसी साल तैयार हो जाएगी ट्रेन-
सूत्रों ने बताया कि इस नए डिजाइन की पहली ट्रेन नवंबर 2025 तक तैयार हो जाएगी। आवश्यक परीक्षण और प्रमाणन के बाद, इसे जनवरी 2026 तक सेवा में लाया जाएगा। सूत्रों ने यह स्पष्ट किया कि यह पहल मुंबई उपनगरीय सेवाओं के लिए निर्मित की जा रही 238 एसी ट्रेनों के अतिरिक्त है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें