इंटरनेशनल डेस्क : 9 जून की शाम को फिलीपींस की राजधानी मनीला में चीन और फिलीपींस के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फिलीपींस स्थित चीनी दूतावास और फिलीपींस के विदेश मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें दोनों देशों के संबंधों की 50 वर्षों की यात्रा का जश्न मनाया गया। इस विशेष अवसर पर फिलीपींस स्थित चीनी दूतावास और फिलीलीपींस के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों, फिलीपींस में प्रवासी चीनियों के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के मित्रों सहित 1,000 से अधिक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
फिलीपींस स्थित चीनी राजदूत ह्वांग शील्यान ने अपने संबोधन में कहा कि दोनों देशों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के संयुक्त प्रयासों से चीन और फिलीपींस के बीच विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे दोनों देशों की जनता को ठोस लाभ मिला है। उन्होंने हाल ही में फिलीपींस में विभिन्न क्षेत्रों द्वारा स्वतःस्फूर्त रूप से आयोजित विभिन्न उत्सव गतिविधियों का उल्लेख किया, जिससे उन्हें चीन-फिलीपींस मैत्री के लिए फिलीपींस के लोगों की आतुर प्रतीक्षा का गहरा एहसास हुआ।
राजदूत ह्वांग ने इस बात पर भी जोर दिया कि लोगों के बीच मानविकी आदान-प्रदान ने दोनों देशों के बीच संबंधों को कितना ठोस समर्थन दिया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों देशों से हस्तक्षेपों को समाप्त करने और यथाशीघ्र चीन-फिलीपींस संबंधों को स्वस्थ और स्थिर विकास की पटरी पर लाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर, फिलीपींस की उपराष्ट्रपति सारा डुटेर्टे ने वीडियो संदेश के माध्यम से फिलीपींस में प्रवासी चीनी लोगों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग ने फिलीपींस में विभिन्न उद्योगों की महान प्रगति को बढ़ावा दिया है और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों से दोनों देशों के लोगों को निरंतर लाभ मिलता रहेगा।
फिलीपींस के मनोनीत विदेश मंत्री मा. थेरेसा लाज़ारो ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कहा कि पिछले कई वर्षों में फिलीपींस-चीन संबंधों में विकास के साथ-साथ चुनौतियां भी आई हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि मतभेदों के बावजूद, दोनों देशों को शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए प्रयास करना चाहिए, जो भविष्य में मजबूत संबंधों की नींव रखता है।
(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)