
चंडीगढ/सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कर आमजन को सौगात दी। उन्होंने सफाई कर्मियों के मासिक वेतन में ₹2100 की बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए साफ किया कि सरकार सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सिरसा में बन रहे संत सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का नशा मुक्ति केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके अलावा, ऐलनाबाद में 30 बेड का नया नशा मुक्ति केंद्र और डबवाली में मौजूद केंद्र की क्षमता 10 से बढ़ाकर 30 बेड करने की योजना का भी ऐलान किया।
वेतन वृद्धि और सफाई कर्मियों का सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से सफाई कर्मियों का वेतन बढ़ाकर ₹26,000 तक किया जाएगा, यह सरकार के संकल्प पत्र का हिस्सा है। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा के लिए बीमा योजनाएं, आयोग का गठन और स्थायी नियुक्तियों जैसे कदम उठाए गए हैं।
संत कबीर की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक
सैनी ने संत कबीर को भारत की सर्वधर्म समभाव परंपरा का संवाहक बताते हुए कहा कि उन्होंने जात-पात, अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे संत कबीर की वाणी को अपने जीवन में अपनाएं और जातिवाद व भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग दें।
गरीबों और वंचितों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना, अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना, और सफाई कर्मचारियों के लिए बीमा योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बना रही हैं। अब तक 2.6 लाख बेटियों की शादियों में सहायता, और 416 करोड़ रुपये का मकान मरम्मत अनुदान दिया जा चुका है।
डीएससी समाज को मिला हक
सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद डीएससी समाज को आरक्षण का हक मुख्यमंत्री सैनी की सरकार ने तुरंत लागू किया। इससे पहले सिर्फ आश्वासन मिलते थे, अब अधिकार मिले हैं।
संतों की जयंती मनाने की परंपरा को पुनर्जीवित किया
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि यह सरकार केवल वादे नहीं करती, उन्हें जमीन पर उतारने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी ओबीसी, गरीबों और वंचितों की आवाज बनकर उभरे हैं।
‘ट्रिपल इंजन’ सरकार दे रही तीन गुना विकास
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार को “ट्रिपल इंजन” वाली सरकार बताया, जो तेज़ी से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ‘अंत्योदय’ के मूल दर्शन पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
समारोह में कई गणमान्य हुए शामिल
समारोह में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक रणबीर गंगवा, सांसद सुभाष बराला, विधायक कपूर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व विधायक दुड़ाराम समेत अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।
संत कबीर जयंती के अवसर पर हरियाणा सरकार ने सामाजिक समरसता, सशक्तिकरण, और स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में ठोस कदमों की घोषणा की। मुख्यमंत्री सैनी ने यह संदेश दिया कि धर्म, जाति और वर्ग से ऊपर उठकर एकजुट भारत की दिशा में आगे बढ़ना ही कबीर की सच्ची श्रद्धांजलि है।
ये भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: शशांकासन से कम करें चिंता और गुस्सा