लुधियाना: लुधियाना विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चरम पर है। तमाम राजनीतिक दलों के दिग्गज मैदान में उतर चुके हैं और प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज लुधियाना पहुंच रहे हैं, जहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी जीवन गुप्ता के समर्थन में जनसभाएं करेंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, नायब सैनी दोपहर को फिरोजपुर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को भी संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि सैनी का यह दौरा भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से अहम है, क्योंकि पार्टी इस उपचुनाव को एक बड़े मौके के तौर पर देख रही है, जहां वह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहती है।
-कार्यकर्ताओं में उत्साह, प्रचार ने पकड़ी रफ्तार
नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी ने शहर के कई इलाकों में प्रचार तेज कर दिया है और डोर-टू-डोर अभियान के साथ-साथ नुक्कड़ सभाओं का आयोजन भी किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नायब सैनी अपने संबोधन में केंद्र और हरियाणा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगे।
-आम आदमी पार्टी की भी पूरी ताकत
गौरतलब है कि यह उपचुनाव आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी के आकस्मिक निधन के कारण हो रहा है। गोगी की मौत 10 जनवरी को उनके आवास पर पिस्तौल चलने की एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई थी। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी, जिस पर अब 19 जून को मतदान होगा।
AAP भी इस उपचुनाव को जीतने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले कई दिनों से लुधियाना में कैंप कर रहे हैं। कल, यानी 15 जून को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी प्रचार के लिए लुधियाना पहुंचेंगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...