
PM Modi policies: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि पंजाब के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का पालन करने का फैसला किया है। उन्होंने पंजाब की पिछली सरकारों और वर्तमान आप सरकार की “लोगों के साथ विश्वासघात करने तथा राज्य को विकास के मामले में पीछे धकेलने” के लिए आलोचना की।
सैनी ने विश्वास जताया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाएगी । मुख्यमंत्री ने लुधियाना में मीडिया को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। सैनी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने पंजाब के लोगों से जो वादे किए थे , वे पूरे नहीं किए गए हैं, जिसके कारण लोगों में लगातार अविश्वास पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोग निकट भविष्य में आप सरकार को हटाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
सैनी ने कहा कि भाजपा अपनी ‘साफ नीति, सही नीयत और सशक्त नेतृत्व’ के कारण सबसे अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत, न तो कांग्रेस और न ही आप के पास स्पष्ट नीतियां हैं और न ही सेवा करने की इच्छाशक्ति है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) एक स्वतंत्र संस्था है। उन्होंने याद दिलाया कि गुरुओं की धरती पंजाब में आस्था और समुदाय की रक्षा के लिए अपार बलिदानों की विरासत है, साथ ही यह सिद्धांत भी है कि किसी को प्यासा नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, “फिर भी पंजाब सरकार ने स्वार्थवश हरियाणा के हिस्से का पीने का पानी रोक दिया है और इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह किया है।”
मुख्यमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत हरियाणा में लाखों महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिले, जबकि पंजाब में लोग ऐसे लाभ से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में एलपीजी कनेक्शन मिलना मुश्किल था, लेकिन भाजपा सरकार ने गरीबों के घर-घर तक गैस पहुंचाना सुनिश्चित किया। इसी तरह, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हरियाणा सरकार ने जरूरतमंदों को घर मुहैया कराए, जबकि पंजाब सरकार ऐसा करने में विफल रही, हालांकि उसके नेताओं ने अपने लिए घर बना लिए। उन्होंने कहा कि उन्हें गरीबों की कोई परवाह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हरियाणा सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 100 प्रतिशत फसल खरीदती है और कहा कि पंजाब सरकार अपने किसानों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ देने में विफल रही है।
सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा ने फसल क्षति मुआवजे के रूप में 15,500 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और कृषि उपकरणों और सिंचाई योजनाओं पर सब्सिडी भी प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई हर केंद्रीय योजना को हरियाणा में पूरी तरह से लागू किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य सरकार ने 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी मुहैया कराया है, जिससे लाखों परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने अपना हर वादा पूरा किया है।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...