Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Air India की हांगकांग-दिल्ली विमान में आई तकनीकी खराबी, बीच रास्ते से वापस लौटी फ्लाइट

June 16, 2025

Air India की हांगकांग-दिल्ली विमान में आई तकनीकी खराबी, बीच रास्ते से वापस लौटी फ्लाइट

नेशनल डेस्क : टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में फिर से तकनीकी खराबी की घटना सामने आई है। यह फ्लाइट हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भर रही थी, लेकिन उड़ान के दौरान पायलट को इंजन में गड़बड़ी महसूस हुई। जैसे ही यह समस्या सामने आई, पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और फ्लाइट को हांगकांग वापस लौटाने का फैसला लिया गया। यह फ्लाइट AI315 थी और इसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

बोइंग 787-8 विमान में आई खराबी 

आपको बता दें कि जिस विमान में खराबी आई, वह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था। यह वही मॉडल है जो हाल ही में अहमदाबाद में हुए घातक हादसे में इस्तेमाल हुआ था। उस हादसे के बाद एयर इंडिया के विमानों की तकनीकी जांच भी की गई थी, लेकिन अब फिर से इसी मॉडल के विमान में खराबी सामने आना चिंता का विषय बन गया है।

बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की खासियत

बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर एक वाइड-बॉडी और लॉन्ग-डिस्टेंस एयरक्राफ्ट है। इसकी विशेषताएँ इस प्रकार हैं:

-दो इंजन वाला विमान।

-लंबी दूरी की उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया।

-कम ईंधन की खपत करता है।

-विमान का लगभग 50% हिस्सा हल्की मिश्रित सामग्री से बना होता है।

-यह विमान एक बार में 8,500 समुद्री मील (लगभग 15,700 किलोमीटर) तक उड़ान भर सकता है।

– इसमें आमतौर पर दो क्लास होती हैं – 18 बिजनेस क्लास सीटें और 238 इकोनॉमी क्लास सीटें ।

यह विमान पर्यावरण के अनुकूल माना जाता है, लेकिन लगातार तकनीकी दिक्कतों के कारण इसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अहमदाबाद हादसा, एक दर्दनाक त्रासदी

दरअसल, 12 जून को एयर इंडिया का एक और बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान लंदन के लिए रवाना हुआ था और उसमें कुल 242 यात्री सवार थे। उड़ान के तुरंत बाद विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह एक मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकरा गया। इस हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स के साथ-साथ इमारत में मौजूद लोग भी मारे गए। कुल मिलाकर 297 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु हो गई। यह हादसा भारत के नागरिक उड्डयन इतिहास में सबसे भयावह में से एक माना जा रहा है।

क्या कहती है ये घटनाएं?

लगातार दो बार बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर में तकनीकी गड़बड़ियाँ सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या ये विमान वाकई सुरक्षित हैं। अहमदाबाद हादसे के बाद जांच शुरू की गई थी, लेकिन हांगकांग-दिल्ली फ्लाइट में फिर खराबी आना यह दिखाता है कि तकनीकी स्तर पर सुधार अभी भी अधूरे हैं। एयर इंडिया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अब और सख्त कदम उठाने होंगे ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें