Firing During Utah’s Westfest: इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के यूटा राज्य में एक सांस्कृतिक उत्सव के दौरान उस समय मातम छा गया, जब रविवार रात एक पारिवारिक और उत्सवपूर्ण माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। वेस्ट वैली सिटी में आयोजित बहुप्रतीक्षित वेस्टफेस्ट के दौरान गोलीबारी की दर्दनाक घटना में एक आठ महीने के मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो किशोर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से 16 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे सेंटेनियल पार्क में दो समूहों के बीच तीखी बहस हो रही थी। इसी दौरान जब अधिकारी हस्तक्षेप करने पहुंचे, तभी एक किशोर ने अचानक पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में एक अधिकारी ने भी फायर किया, लेकिन वह गोली संदिग्ध को नहीं लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
-8 माह के बच्चे सहित तीन लोगों की मौत
गोलीबारी की चपेट में आए मृतकों में 41 वर्षीय महिला, 18 वर्षीय युवक और एक आठ महीने का शिशु शामिल हैं। इसके अलावा दो किशोरों को भी गोली लगी है। घटना के दौरान भगदड़ मचने से एक गर्भवती महिला भी घायल हुई, जो बाड़ कूदकर भागने की कोशिश कर रही थी।
वेस्ट वैली सिटी पुलिस प्रवक्ता रोक्सेन वैनुकु ने जानकारी दी कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है। जांचकर्ता अभी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं, जबकि घटना के पीछे की मंशा या आपराधिक गिरोह की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हो सकी है।
-लोगों में मची अफरा-तफरी
चश्मदीदों ने बताया कि जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते-चिल्लाते हुए जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस भयावह अनुभव को साझा किया है।
वेस्टफेस्ट, वेस्ट वैली सिटी की सांस्कृतिक विविधता और सामुदायिक एकता का प्रतीक माना जाता है, जहां हर साल सैकड़ों लोग संगीत, खानपान और मनोरंजन का आनंद लेने जुटते हैं। लेकिन इस वर्ष की घटना ने इस उत्सव को गहरे शोक में बदल दिया।
-पुलिस विभाग ने लोगों से की अपील
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह सामने आएं और जांच में मदद करें। जांच रविवार देर रात तक जारी रही, और पुलिस संभावित चश्मदीदों से संपर्क कर रही है।