
चंडीगढ़: पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए गए नशे के खिलाफ युद्ध “युद्ध नाशियां विरुद्ध” के 108 दिन पूरे होने पर मंगलवार को पंजाब पुलिस ने 128 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.8 किलोग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम अफीम और 2.40 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही, गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या मात्र 108 दिनों में 17,897 तक पहुंच गई है।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।
गौरतलब है कि सीएम भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी का गठन भी किया है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 107 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1600 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 220 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 499 स्थानों पर छापे मारे हैं, जिसके परिणामस्वरूप राज्य भर में 81 प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने दिनभर चले अभियान के दौरान 557 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य से नशीले पदार्थों के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति – प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) को लागू किया है, पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ के हिस्से के रूप में आज 69 व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में शराब ठेकेदारों के लिए बड़ी खबर: लाइसेंस फीस को लेकर नए आदेश जारी