Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

AC के लिए खतरे की घंटी हैं ये पांच संकेत… भूलकर भी न करें नजरअंदाज, वरना उठाना पड़ सकता है भारी नुकसान

June 18, 2025

AC के लिए खतरे की घंटी हैं ये पांच संकेत… भूलकर भी न करें नजरअंदाज, वरना उठाना पड़ सकता है भारी नुकसान

AC Blast in Summers : AC में ब्लास्ट होने की घटनाएं इन दिनों लगातार बढ़ रही हैं। मामूली रख-रखाव में लापरवाही और कुछ आम गलतियां इस इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ‘टाइम बम’ बना सकती हैं। ताजा मामला नोएडा के सेक्टर-36 से सामने आया है, जहां एक घर में लगे AC के कंप्रेसर में धमाका हो गया। इस धमाके से पूरे मकान में आग फैल गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, जिस कमरे में एसी लगा था, वहां काफी नुकसान हुआ है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, एसी में ब्लास्ट से पहले कुछ चेतावनी देने वाले संकेत मिलने लगते हैं। अगर इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए, तो बड़ी दुर्घटना से बचा जा सकता है।

जानिए वो 5 संकेत जो एसी में ब्लास्ट से पहले देते हैं चेतावनी:

1. आवाज का बदलना: अगर एसी से सामान्य से अलग आवाजें आने लगें, जैसे कि घर्र-घर्र या फड़फड़ाने जैसी आवाजें, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है। एसी में जब किसी पुर्जे में गड़बड़ी आती है, तो उसकी आवाज बदल जाती है। ऐसे में तुरंत एक्सपर्ट से जांच कराना जरूरी है।

2. हवा के फ्लो का बदलना: यदि एसी चलते समय ठंडी हवा का फ्लो रुक-रुक कर आने लगे या सामान्य से कमजोर हो जाए, तो यह भी खराबी का संकेत हो सकता है। यह कूलिंग फैन या किसी अन्य हिस्से की खराबी की ओर इशारा करता है, जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

3. जलने की गंध आना: एसी से अगर बार-बार कुछ जलने जैसी गंध आए, तो यह वायरिंग या कंप्रेसर में शॉर्ट सर्किट का संकेत हो सकता है। ऐसे में एसी को तुरंत बंद कर देना चाहिए और टेक्नीशियन को बुलाना चाहिए।

4. एसी का जरूरत से ज्यादा गर्म होना: कई बार एसी का बाहरी हिस्सा या कंप्रेसर बहुत अधिक गर्म हो जाता है। यह ओवरलोडिंग या गैस लीकेज की समस्या हो सकती है, जो धमाके की वजह बन सकती है।

5. बार-बार एसी का ऑन-ऑफ होना: अगर एसी बिना किसी कारण के बार-बार बंद हो और फिर खुद ही ऑन हो जाए, तो यह भी किसी बड़ी तकनीकी खराबी की निशानी हो सकती है। इसे नजरअंदाज करना खतरे को न्योता देने जैसा है।

कैसे बचें इस तरह के हादसों से?

– समय-समय पर एसी की सर्विसिंग कराएं।
– लोकल मैकेनिक की जगह ट्रेंड प्रोफेशनल से मरम्मत कराएं।
– ओवरलोडिंग से बचें और वोल्टेज स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करें।
– पुराने एसी को समय रहते बदलवाएं।

सावधानी ही सुरक्षा है, इसलिए यदि आपका एसी इन संकेतों में से कोई संकेत दे रहा है, तो उसे नजरअंदाज न करें। समय पर की गई कार्रवाई न सिर्फ आपके घर को सुरक्षित रख सकती है, बल्कि आपकी जान भी बचा सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें