Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update : देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का कहर, गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, जानें देश के मौसम का हाल

June 20, 2025

Weather Update : देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का कहर, गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, जानें देश के मौसम का हाल

Weather Update : देश के विभिन्न राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है और इसकी वजह से कई क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर गुजरात और महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों से जारी तेज बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 जून से 25 जून के बीच देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 22 जून तक दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। इस दौरान हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में आज मूसलाधार बारिश की चेतावनी

आज यानी 20 जून को गुजरात, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 21 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भी बारिश जारी रहेगी

20 से 25 जून के दौरान पूर्वोत्तर भारत के राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। साथ ही, कोंकण, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी झमाझम बारिश होती रहेगी।

उत्तर भारत में कब-कहां होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, 20 से 25 जून के बीच उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा:

22 और 25 जून: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद
21 से 25 जून: हिमाचल प्रदेश और पंजाब
20 और 21 जून: पूर्वी उत्तर प्रदेश
20 से 25 जून: हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना है।

गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, राहत कार्य जारी

तेज बारिश की वजह से गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पुणे के प्रसिद्ध गणपति मंदिर के परिसर में पानी भर गया है और मंदिर का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है। वहीं, गुजरात के वलसाड जिले में खरेरा नदी में उफान के कारण एक वैन बह गई। एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

तापमान में भी गिरावट दर्ज

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 5 दिनों में मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। देश के अन्य हिस्सों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें