Chhattisgarh Encounter : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। यह मुठभेड़ जिला मुख्यालय से लगभग 150 किलोमीटर दूर छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमाटोला और कलपर गांव के बीच स्थित जंगलों में हुई।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने जानकारी दी कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त टीम को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था।
सुबह के समय जब सुरक्षाबल आमाटोला और कलपर के बीच जंगल में तलाशी ले रहे थे, तब उनकी नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया। घटनास्थल से महिला नक्सली का शव और हथियार बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अभी भी इलाके में कुछ स्थानों पर गोलीबारी जारी है और सुरक्षाबलों द्वारा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कांकेर क्षेत्र नक्सल प्रभावित इलाकों में शामिल है, जहां समय-समय पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ होती रहती है। प्रशासन ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना है।