बिहार डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए एक बड़ा और राहतभरा ऐलान किया है। नीतीश कुमार ने शनिवार को सोशल मीडिया (एक्स) पर बताया कि अब से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लाभ पाने वाले सभी लोगों को हर महीने 400 की जगह 1100 रुपये पेंशन दी जाएगी।
जुलाई से नई दर से मिलेगी पेंशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नई पेंशन राशि जुलाई 2025 से लागू होगी। यानी जुलाई महीने से जिन लोगों को इस योजना का लाभ मिलता है, उन्हें अब बढ़ी हुई राशि मिलेगी।
मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रु॰ की जगह 1100 रु॰ पेंशन मिलेगी। सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी। सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) June 21, 2025
हर महीने की 10 तारीख तक खाते में जाएंगे पैसा
राज्य सरकार ने यह भी तय किया है कि हर लाभार्थी के खाते में यह पेंशन की राशि हर महीने की 10 तारीख तक भेज दी जाएगी। इससे समय पर सहायता मिल सकेगी।
कितने लोगों को मिलेगा फायदा?
नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि इस फैसले से 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
बुजुर्गों का सम्मान है हमारी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि “बुजुर्ग समाज का अनमोल हिस्सा हैं, उनका सम्मान और सुखद जीवन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। “हालांकि अभी बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि यह फैसला चुनाव से पहले एक अहम कदम है। राजनीतिक जानकार इसे चुनावी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।