नेशनल डेस्क : अक्सर हम लोग ट्रेन या बस छूटने पर लोगों को दौड़ लगाते देखते हैं, लेकिन किसी यात्री का हवाई जहाज पकड़ने के लिए रनवे पर दौड़ जाना एक बेहद अजीब और पहली बार सुनाई देने वाली घटना है। दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट पर रविवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना हुई। बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले पवन सोनी ने अपनी एयर इंडिया की फ्लाइट छूट जाने के डर से रनवे पर दौड़ लगा दी। यह घटना उस समय घटी जब पवन को मुंबई से पटना जाने वाली फ्लाइट AI 673 पकड़नी थी, लेकिन वह तय समय से लेट हो गया था। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
इमरजेंसी गेट से रनवे पर पहुंचा यात्री
मिली जानकारी के मुताबिक, पवन सोनी ने बोर्डिंग टाइम 9:50 बजे होने के बावजूद लेट पहुंचने के बाद इमरजेंसी गेट का इस्तेमाल कर बिना किसी को बताए रनवे की तरफ दौड़ लगाई। उसे यह भी नहीं पता था कि उसकी फ्लाइट कहां खड़ी है। वह गलती से एयर इंडिया की दूसरी फ्लाइट AI 602 के पास पहुंच गया, जो भुज से लौटी थी। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर दिया है, क्योंकि बिना पास और बिना किसी गार्ड की अनुमति के कोई व्यक्ति सीधे रनवे तक पहुंच गया। पवन ने दावा किया कि एक बस ड्राइवर ने उसे जाने दिया और यह भी कह दिया कि पायलट ने उसे वहीं छोड़ने को कहा है। हालांकि जांच में ये बातें गलत निकलीं।
तुरंत पकड़ा गया, पुलिस को सौंपा गया
एयरपोर्ट अधिकारियों ने पवन सोनी को रनवे पर पकड़ लिया और तुरंत मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया। एयर इंडिया के स्टाफ ने इस घटना की औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर एफआईआर लिखी गई है। वहीं मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पवन सोनी पर विमान अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वह इमरजेंसी गेट तक कैसे पहुंचा, और सुरक्षा में कहां चूक हुई।
सुरक्षा में बड़ी चूक और सीख
इस घटना ने हवाई यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि कोई आम यात्री इस तरह रनवे तक पहुंच सकता है, तो यह बहुत गंभीर सुरक्षा चूक है। इससे यह भी समझ में आता है कि कई बार यात्री जल्दबाज़ी या जानकारी की कमी में खतरनाक फैसले ले सकते हैं, जिससे उन्हें कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।