नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर सोमवार शाम करीब 4 बजे भयानक भूस्खलन हो गया। यह हादसा भैरव मंदिर के पास हुआ, जहां उस समय सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए जा रहे थे।
स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद
भूस्खलन के कारण तीन श्रद्धालु मलबे में दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मेडिकल टीम और स्थानीय प्रशासन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम मलबा हटाने का काम तेज़ी से कर रही है, ताकि दबे हुए लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। पुलिस बल भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गया है।
रेस्क्यू तेज करने के निर्देश
फिलहाल मार्ग को बंद कर दिया गया है और अन्य यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है ताकि कोई और हादसा न हो। जिलाधिकारी उत्तरकाशी खुद इस घटना की निगरानी कर रहे हैं और कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सभी विभागों को रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी बारिश की चेतावनी
इस बीच, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन की हिदायतों का पालन करें और खतरनाक या असुरक्षित इलाकों में न जाएं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...