Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा सरकार की शह पर प्रभुत्ववादी और वर्चस्ववादी तत्वों के हौसले बुलंद : अखिलेश यादव 

June 24, 2025

भाजपा सरकार की शह पर प्रभुत्ववादी और वर्चस्ववादी तत्वों के हौसले बुलंद : अखिलेश यादव 
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा हर असंवैधानिक काम का समर्थन किये जाने की वजह से ‘प्रभुत्ववादी’ और ‘वर्चस्ववादी’ तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को ‘हार्टलेस’ (बेरहम) और ‘अलोकतांत्रिक’ करार दिया। यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दावा किया कि यह सब इसलिए हो रहा है कि ढाई हजार लोग ही इस सरकार को चला रहे हैं। सपा प्रमुख ने इटावा में यादव समाज के कथावाचक का सिर मुंडवाकर अपमानित किये जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दरअसल सरकार का जो मिजाज होता है, समाज की शक्तियों का संचालन भी उसी दृष्टि से होता है।
भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए घटनाएं को होने देना चाहती है
अखिलेश ने कहा, ‘‘मुझे यह लगता है कि समाज के कुछ लोग ऐसा समझने लगे हैं कि यह सरकार उनके दिल और मन की सरकार है। इसी वजह से वे दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार कर रहे है। सरकार ने कहीं भी यह संदेश देने की कोशिश नहीं की कि कोई इस प्रकार की किसी घटना में शामिल होगा तो उसका अंजाम क्या होगा। यह सारा काम सरकार के संरक्षण में हो रहा है।’’ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए घटनाएं को होने देना चाहती है। अखिलेश ने कहा कि सरकार में बैठे लोग अगर न्याय देने लगें तो बहुत सारी घटनाएं होंगी ही नहीं, लेकिन यह सरकार ‘हार्टलेस’ (बेरहम) और अलोकतांत्रिक है और हर असंवैधानिक काम का समर्थन करती है।
अखिलेश ने कहा कि जिस दिन पीडीए समाज ने अपनी कथा अलग से कहनी शुरू कर दी, उस दिन इन परंपरागत शक्तियों का साम्राज्य ढह जाएगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राज में पीडीए समाज को हेय दृष्टि से देखा जाता है। अखिलेश ने कहा कि सच यह है कि जैसे-जैसे पीडीए समाज में चेतना और जागरूकता बढ़ती जा रही है वैसे-वैसे मनोवैज्ञनिक दबाव बनाने के लिए वर्चस्ववादी लोगों के पीडीए समाज पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने पीड़ित कथा वाचक को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया
सपा प्रमुख ने एक सवाल पर पूरी भाजपा को ‘हिस्ट्रीशीटर’ करार दिया। अखिलेश ने कहा, ‘‘पूरी भाजपा हिस्ट्रीशीटर है। आप बताओ कि मुख्यमंत्री ने खुद पर लगी कौन सी धारा वापस ली? उप मुख्यमंत्री ने कौन सी धारा वापस ली? आखिरकार व्यवस्था को खराब किसने किया है? हम न्याय कहां मांगने जाएं? कौशांबी में पाल समाज की एक बेटी के साथ घटना हुई। पुलिस ने उसी के पिता पर इनाम घोषित करके उसे जेल भेज दिया, लेकिन सरकार में बैठे लोग अपने केस वापस ले रहे हैं।’’ यादव ने इटावा की घटना के पीड़ित कथा वाचक और उनके साथियों को शॉल ओढ़ाकर और 21-21 हजार रुपये देकर सम्मानित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें