
चंडीगढ़: राज्य से नशे की समस्या को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर छेड़े गए नशे के विरुद्ध युद्ध ‘युद्ध नशिया विरुद्ध’ के 115 दिन पूरे होने पर पंजाब पुलिस ने मंगलवार को 140 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो हेरोइन और 60500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
इसके साथ ही मात्र 115 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 19,007 तक पहुंच गई है। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी का गठन भी किया है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 94 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 200 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 482 स्थानों पर छापेमारी की है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य भर में 97 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने दिन भर चले अभियान के दौरान 510 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की है।
विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य से नशीले पदार्थों के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति – प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) को लागू किया है, पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ के हिस्से के रूप में आज 89 व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।