चंडीगढ़ Governor: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार शाम को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की और उनसे आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ में अपना कार्यालय खोलने के लिए जगह आबंटित करने की मांग की। आप के राष्ट्रीय पार्टी होने का हवाला देते हुए मान ने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की तरह आम आदमी पार्टी भी राजधानी चंडीगढ़ में अपना आधिकारिक कार्यालय खोलने के लिए सभी आवश्यक शर्ते पूरी करती है।
बैठक के बाद राजभवन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए मान ने कहा, आम आदमी पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है। हमने गुजरात और लुधियाना उपचुनावों सहित कई चुनावों में महत्वपूर्ण जीत हासिल की हैं। गोवा में भी हमारे विधायक हैं। इसके बावजूद, आप के पास चंडीगढ़ में अभी तक पार्टी का कार्यालय नहीं है, जबकि हम इसके लिए हम सभी आवश्यक शर्तो को पूरा करते हैं।
मान ने बताया कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी जैसी अन्य प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के चंडीगढ़ में कार्यालय हैं। उन्होंने समान व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दिया और इस मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, हमने राज्यपाल को एक औपचारिक मांगपत्र सौंपा है, जिसमें आप के लिए चंडीगढ़ में कार्यालय स्थापित करने के लिए जगह मांगी गई है। मान ने आंतरिक गुटबाजी और एकता की कमी के लिए कांग्रेस पार्टी की भी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंतरिक संघर्षो और गुटबाजी से ग्रस्त है। यह इस उपचुनाव में और भी स्पष्ट हो गया है। एक विभाजित पार्टी लोगों की प्रभावी रूप से सेवा नहीं कर सकती है। शिरोमणि अकाली दल (बादल) की तीखी आलोचना करते हुए मान ने उनसे पंजाब की राजनीति में अपनी भूमिका पर पुनर्विचार करने को कहा।