नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर कटाक्ष किया और कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश से पहले मानते हैं। दरअसल, खरगे का यह बयान थरूर द्वारा हाल ही में “द हिंदू” अखबार में छपे अपने लेख पर आया है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की कूटनीतिक क्षमता की तारीफ की थी और उन्हें “वैश्विक मंच पर भारत के लिए एक प्रमुख संपत्ति” बताया था।
खरगे का तंज
जब खरगे से थरूर के इस लेख पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “मैं अंग्रेजी नहीं पढ़ सकता, लेकिन उनकी भाषा बहुत अच्छी है, इसलिए हमने उन्हें पार्टी की कार्यसमिति का सदस्य बनाया। लेकिन हम जो कहना चाहते हैं, वह यह है कि हम सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और हमने अपनी सेना के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया है।” खरगे ने यह भी कहा, “हम कहते हैं कि देश पहले, लेकिन कुछ लोग मोदी को पहले और देश को बाद में मानते हैं। हम इस बारे में क्या कर सकते हैं?”
क्या कांग्रेस थरूर के खिलाफ कार्रवाई करने से डरती है?
खरगे से यह भी पूछा गया कि क्या कांग्रेस थरूर के खिलाफ कार्रवाई करने से डरती है, तो उन्होंने जवाब दिया कि थरूर “अपनी इच्छा के अनुसार” बोलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का ध्यान देश को बचाने पर है और इसलिए वे इस मुद्दे पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहते।
मेरे लेख को गलत समझा जा रहा: थरूर
शशि थरूर ने इस बारे में अपनी सफाई दी और कहा कि उनके लेख को गलत समझा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लेख प्रधानमंत्री मोदी के कूटनीतिक प्रयासों की सराहना करने वाला था, और इसका मतलब यह नहीं था कि वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं। थरूर ने कहा, “यह लेख राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रीय हित और भारत के लिए खड़े होने का बयान है।”
लेख में क्या था?
थरूर के लेख में पीएम मोदी की “ऊर्जा, गतिशीलता और अन्य देशों के साथ जुड़ने की इच्छा” की तारीफ की गई थी। उन्होंने कहा था कि मोदी की यह “उर्जा” वैश्विक मंच पर भारत के लिए महत्वपूर्ण संपत्ति है और इस कारण भारत को और अधिक समर्थन मिलना चाहिए। पीएम मोदी ने भी थरूर के लेख को सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिससे उनके कांग्रेस नेतृत्व से बढ़ती दूरी की अटकलें लगने लगी थीं।
अफवाहों को खारिज किया
इन अटकलों के बीच थरूर ने कहा, “लोग हमेशा आज की खबरों के संदर्भ में इसे देखते हैं। यह एक लेख था जिसमें मैंने प्रधानमंत्री के आउटरीच मिशन की सफलता का वर्णन किया।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कई देशों की यात्रा की और भारत के संदेश को विश्व में फैलाया। थरूर का कहना है कि उनका लेख किसी पार्टी बदलने या प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजनीतिक जुड़ाव को दिखाने के बजाय, भारत के राष्ट्रीय हितों के लिए खड़ा होने का बयान था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...