Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हद है… CM काफिले की गाड़ियों में भर दिया पानी मिला डीजल, एक-एक कर बंद हुईं 19 कारें; जानें मामला

June 27, 2025

हद है… CM काफिले की गाड़ियों में भर दिया पानी मिला डीजल, एक-एक कर बंद हुईं 19 कारें; जानें मामला

मध्य प्रदेश डेस्क : मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के काफिले की गाड़ियां रतलाम में अचानक खराब हो गईं। दरअसल शुक्रवार को यहां राइज-2025 का आयोजन होना था। इसके चलते सीएम मोहन यादव को भी कार्यक्रम में शिरकत करने थी। उनके कार्यक्रम की तैयारियों में प्रशासनिक अधिकारी जुटे थे, लेकिन उनके आने से पहले ही एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है।

दरअसल एक पेट्रोल पंप पर काफिले की गाड़ियां पेट्रोल भरवाने के लिए आई थीं। डीजल भरवाने के बाद ये गाड़ियां कुछ ही दूर गई थीं कि अचानक बंद हो गईं। मामले की जांच के बाद पता लगा कि इस डीजल में पानी मिला था, जिसके बाद अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। यह काफिला इंदौर शहर से रतलाम रवाना हुआ था।

बता दें कि काफिले में 19 कारें शामिल थीं, जिन्होंने डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाया था। कुछ ही दूरी जाकर ये गाड़ियां एक-एक करके बंद होने लगीं। गाड़ियां बंद होने के बाद स्टार्ट नहीं हुईं, किसी तरह धक्के मार-मारकर इनको सड़क किनारे खड़ा किया गया।

आधे तेल में पानी की मिलावट

मामले की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय और फूड एंड सप्लाई अफसर समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद गाड़ियों के डीजल टैंक खुलवाकर चेक किए गए। जांच में चौंकाने वाली बातें पता लगीं। 20 लीटर डीजल में से लगभग 10 लीटर तो पानी मिला था। काफिले की सभी गाड़ियों का यही हाल था।

तेल के रिसाव की आशंका

बता दें कि एक ट्रक भी इसी पेट्रोल पंप से 200 लीटर डीजल भरवाकर गया था, जो कुछ दूर जाकर बंद हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने भारत पेट्रोलियम के एरिया मैनेजर को मौके पर बुलाया। उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से टैंक में मौजूद तेल में बारिश का रिसाव हो सकता है।

सरकार को भेजेंगे रिपोर्ट

इसके बाद अधिकारी करीब 1 बजे तक मौके पर डटे रहे। वहीं, फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट की ओर से पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है। इसके बाद सीएम काफिले की सभी गाड़ियों को दोबारा इंदौर से मंगवाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि पूरी रिपोर्ट जल्द सरकार को भेजी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें