Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में फिर खूनी गैंगवार! माफिया मंजीत माहाल के भांजे को उतारा मौत के घाट, हत्या के पीछे ये गैंगस्टर

June 27, 2025

दिल्ली में फिर खूनी गैंगवार! माफिया मंजीत माहाल के भांजे को उतारा मौत के घाट, हत्या के पीछे ये गैंगस्टर

दिल्ली डेस्क : राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले 30 साल के युवक को कुछ बदमाशों ने गोली मार दी। युवक की पहचान दीपक के तौर पर हुई है, जो दिल्ली के कुख्यात बदमाश मंजीत माहाल का भांजा बताया जा रहा है। एक बार फिर गैंगवार होने के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने हत्याकांड के पीछे कुख्यात गैंगस्टर नंदू का हाथ होने की आशंका जताई है। नंदू इस समय लंदन में बैठा है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है। कुछ समय पहले वह भारत से फरार होने में कामयाब हो गया था। नंदू और मंजीत माहाल के खिलाफ सालों से दुश्मनी चल रही है।

2 साल पहले करवाई थी नेता की हत्या

दोनों ओर से अब तक कई लोगों का मर्डर हो चुका है। इस दुश्मनी के चलते नंदू ने 2 साल पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता का मर्डर भी करवाया था। सूत्रों के मुताबिक दीपक को कई गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दीपक के साथ उसकी बेटी भी मौजूद थी, जो वारदात में घायल हुई है।

हमले में बेटी को लगी गोली

बताया जा रहा है कि बेटी के हाथ में गोली लगी है, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया है। फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर जाकर सबूत जुटाए हैं। आसपास के इलाके में सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

वारदात के बाद एक बार फिर दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बीते साल दिल्ली के मुंडका इलाके में भी गैंगवार का मामला सामने आया था। यहां बाइक सवार बदमाशों ने अमित नाम के शख्स को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस के मुताबिक 22 साल का अमित कुछ ही समय पहले जेल से छूटा था। सूत्रों के मुताबिक इस हमले में टिल्लू ताजपुरिया गैंग का हाथ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें