Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति शुरू, इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी; जानें कब चुना जाएगा राष्ट्रीय अध्यक्ष

June 27, 2025

BJP में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति शुरू, इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी; जानें कब चुना जाएगा राष्ट्रीय अध्यक्ष

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड जैसे प्रमुख राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके साथ ही संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी चुन सकती है, क्योंकि मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका है। फिलहाल वे एक्सटेंशन पर पद संभाल रहे हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। पार्टी कोशिश कर रही है कि 21 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो जाए।

किन राज्यों की जिम्मेदारी किसे मिली?
किरेन रिजिजू को महाराष्ट्र की जबकि रविशंकर प्रसाद पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा, हर्ष मल्होत्रा को उत्तराखंड व धर्मेंद्र प्रधान को मध्य प्रदेश का प्रभारी नेता नियुक्त किया है।

क्यों जरूरी है प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव?
बीजेपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तब तक नहीं हो सकता जब तक सभी राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी न हो जाए। यही वजह है कि कई महीनों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव टला हुआ था। अब पार्टी हाईकमान ने इस प्रक्रिया को तेज कर दिया है।

किस राज्य में क्या स्थिति?
उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म हो चुका है, लेकिन नया नाम तय नहीं हुआ है। यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव हैं, इसलिए नए अध्यक्ष की नियुक्ति जरूरी है। मध्य प्रदेश में यहां भी पिछले छह महीने से प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली है। माना जा रहा है कि अगले एक हफ्ते में नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया जाएगा। वहीं, कई और राज्यों में भी अध्यक्ष पद पर बदलाव की तैयारी है, जिससे राष्ट्रीय अध्यक्ष का रास्ता साफ हो सके।

आगे की रणनीति
बीजेपी की योजना है कि पहले सभी राज्यों में नए अध्यक्ष बना लिए जाएं और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो। हालांकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख अब तक तय नहीं की गई है, लेकिन संगठन में हलचल से साफ है कि यह काम बहुत जल्द होने वाला है। बीजेपी में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी ने प्रदेश स्तर पर नियुक्तियां करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। यह साफ संकेत है कि बहुत जल्द बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिल सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें