चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए गए अपने अभियान के दौरान बठिंडा जिले के सिटी पुलिस स्टेशन, रामपुरा में तैनात एएसआई (स्थानीय रैंक) अवतार सिंह और गांव रामपुरा के पंचायत सदस्य राजदीप सिंह के विरुद्ध 20,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए राज्य ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्यवाही गांव धौला, जिला बरनाला के निवासी द्वारा मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार निरोधक एक्शन लाइन पर दर्ज करवाई गई शिकायत के बाद की गई है।
उन्होंने आगे बताया कि जांच के दौरान पता चला कि उक्त आरोपी एएसआई ने पंचायत सदस्य राजदीप सिंह के साथ मिलीभगत करके शिकायतकर्ता से उसके खिलाफ लंबित एक मामले में अनुकूल कार्रवाई के बदले में 40,000-50,000 रुपये की मांग की थी।
इसके बाद, उक्त पुलिस अधिकारी ने अंततः 20,000 रुपये अवैध रिश्वत के रूप में स्वीकार कर लिए।
उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में बिचौलिए राजदीप सिंह को विजीलैंस ब्यूरो बठिंडा यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार एएसआई को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।