
Today Weather : देशभर में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। जहां दिल्ली-एनसीआर के लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं, वहीं गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही कई राज्यों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस से राहत के आसार
दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शाम या रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
अगले 24 घंटे में इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
पश्चिम बंगाल में अलर्ट, कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना
दक्षिण बंगाल के जिलों जैसे उत्तरी 24 परगना, पुरुलिया, पूर्वी और पश्चिमी बर्धमान, झाड़ग्राम, बांकुरा और हुगली में 1 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना है। 29 जून को दक्षिणी 24 परगना में और 30 जून को पूर्वी एवं पश्चिमी मिदनापुर, झाड़ग्राम, बांकुरा और हुगली में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उप-हिमालयी क्षेत्रों जैसे दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी 1 जुलाई तक भारी वर्षा का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटीय क्षेत्रों में 29 जून से 35-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 55 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं।
आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिन बारिश के आसार
आईएमडी ने आंध्र प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी तटीय क्षेत्रों, यनम और रायलसीमा में अगले पांच दिनों तक बिजली चमकने, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का हाल
पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों केरल और तमिलनाडु में भी शुक्रवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 28 से 30 जून के बीच कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में भी 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।