
बिहार डेस्क : बिहार के औरंगाबाद जिले में राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पहले पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी तब तक पिटाई की, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। दोनों का दरिंदगी से मन नहीं भरा तो उसे चार पहिया वाहन के नीचे रौंदकर मौत के घाट उतार दिया। मामला बंदेया थाना क्षेत्र के झिकटिया का बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान दाउदनगर थाने के लाला अमौना गांव के रहने वाले विक्कू के तौर पर हुई है। बंदेया पुलिस को सूचना मिली थी कि हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गांव जाकर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने सच्चाई पुलिस के सामने बयां कर दी।
पुलिस को पता लगा कि विक्कू की पत्नी पूजा का कमलेश यादव नाम के शख्स के साथ अफेयर चल रहा था। पिस्टल के बल पर कमलेश विक्कू के घर आकर परिजनों की मौजूदगी में पूजा के साथ संबंध बनाता था। किसी को बताने पर वह सबको जान से मारने की धमकी देता था। इस बात को लेकर अक्सर पूजा और विक्कू में झगड़ा होता था। डर की वजह से विक्कू और परिजनों ने यह बात किसी को नहीं बताई।
पूजा और कमलेश नहीं चाहते थे कि विक्कू उनके बीच रोड़ा बने। एक दिन वे विक्कू को दवा दिलवाने के बहाने ले गए। मौका पाकर रास्ते में दोनों ने उसे पहले पीटा और अधमरा होने पर वाहन के नीचे देकर कुचल दिया। दोनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस ने पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं, आरोपी कमलेश फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं। विक्कू की हत्या के बाद परिवार दहशत में है।