
इंटरनेशनल डेस्क : इजरायल ने अपने यहां डेढ़ साल पहले हुए सबसे भीषण हमले का बदला पूरा कर लिया है। गाजा में लंबे समय से चल रहे संघर्ष में इजरायल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने हमास के मास्टरमाइंड हाकिम अल इसा को ढेर कर दिया है। 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल के ऊपर हमास ने जो भीषण हमला किया था, उसका मास्टरमाइंड इसा ही था। इस हमले में 1200 इजरायली लोग मारे गए थे।
वहीं, 250 लोगों को आतंकियों ने बंधक बना लिया था और अपने साथ ले गए थे। हमास के खिलाफ पिछले डेढ़ साल से इजरायल ने गाजा में अभियान चला रखा है। बताया जा रहा है कि अभियान के दौरान 60 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अब इजरायली सेना ने अपने ऊपर हुए सबसे भीषण हमले का बदला चुकता कर दिया है।
IDF की ओर से इस बाबत एक पोस्ट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपलोड किया गया है। पोस्ट में बताया गया है कि सुरक्षाबलों ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल में हुए भीषण हमले के सूत्रधार हाकिम को मार गिराया है। इजरायल अपने यहां किसी भी गुनहगार को नहीं छोड़ेगा। हाकिम को हमास के संस्थापक सदस्यों में माना जाता है।
उसके पास हमास के मिलिट्री विंग के मुखिया की जिम्मेदारी भी थी। इजरायल पर हमला करने वाले आतंकियों को ट्रेनिंग देने, उन्हें हथियार चलाने का जिम्मा हाकिम ने ही उठाया था। इसके अलावा पैराशूट के जरिए इजरायल में उतरने, हवाई और जल मार्ग आदि की जानकारी देने का सारा काम हाकिम ने ही किया था।
बताया जा रहा है कि हाकिम को सुरक्षाबलों ने साबरा इलाके में एयर स्ट्राइक के दौरान मार गिराया। इस इलाके में हाकिम दोबारा सक्रिय हो गया था। उसने लड़ाकों को ट्रेनिंग देने का काम शुरू कर दिया था। गाजा पट्टी से इजरायल पर किए गए कई हमलों में उसकी भूमिका रही थी। वहीं, इजरायल सरकार ने दावा किया है कि हमास पीड़ितों को भेजी जा रही राहत सामग्री को लूट रहा है।