Amarnath Yatra 2025: बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए खुशखबरी है। इस वर्ष की पवित्र अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2025 से आरंभ होने जा रही है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस कठिन लेकिन पुण्य यात्रा पर निकलते हैं, जहां आस्था और साहस का संगम देखने को मिलता है। अगर आप भी इस वर्ष बाबा बर्फानी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यात्रा से पहले कुछ आवश्यक बातों को जानना बेहद जरूरी है।
रजिस्ट्रेशन है जरूरी
अमरनाथ यात्रा में भाग लेने के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) अनिवार्य है। इसके बिना आपको यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। साथ ही, आधार कार्ड जैसे सरकारी पहचान पत्र अपने पास जरूर रखें। 13 वर्ष से कम और 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को इस यात्रा की अनुमति नहीं दी जाती है।

स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान
यह यात्रा समुद्रतल से काफी ऊंचाई पर स्थित है, जहां ऑक्सीजन का स्तर कम होता है। इस वजह से हेल्थ सर्टिफिकेट साथ रखना अनिवार्य है। यदि आप हृदय, फेफड़े या सांस संबंधी बीमारी से ग्रसित हैं, तो यात्रा से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
– रोजाना 4-5 किलोमीटर पैदल चलने की आदत डालें।
– प्राणायाम और श्वास संबंधी व्यायाम करें।
– यात्रा से पहले फुल बॉडी चेकअप कराना न भूलें।
सामान की करें स्मार्ट पैकिंग
– अमरनाथ की यात्रा में मौसम का कोई भरोसा नहीं होता, इसलिए गर्म कपड़े जैसे थर्मल वियर, जैकेट, मफलर साथ रखें।
– रेनकोट, वाटरप्रूफ ट्रेकिंग शूज, टोर्च, सनस्क्रीन, पावर बैंक और फर्स्ट एड किट रखना न भूलें।
– कम सामान के साथ यात्रा करें ताकि चढ़ाई में परेशानी न हो।
– चप्पल या सैंडल से बचें, ट्रेकिंग शूज़ सबसे उपयुक्त हैं।
कौन सा रास्ता चुनें?
1. पहलगाम मार्ग – यह रास्ता लंबा लेकिन अपेक्षाकृत आसान है। यात्रा पूरी करने में 3-4 दिन लगते हैं।
2. बालटाल मार्ग – यह केवल 14 किलोमीटर लंबा है और 1-2 दिन में पूरा हो सकता है, लेकिन यह रास्ता काफी कठिन और सीढ़ियों वाला है। यह अनुभवी ट्रेकर्स के लिए ही उपयुक्त है।
यात्रा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
– जल्दबाजी न करें, धीरे-धीरे चलें और शरीर को ऊँचाई के अनुसार ढलने दें।
– शरीर को हाइड्रेटेड रखें – पानी भरपूर पिएं।
– अकेले यात्रा करने से बचें, समूह में यात्रा करना ज्यादा सुरक्षित होता है।
– स्थानीय अधिकारियों और गाइडों के निर्देशों का पालन करें।