Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक लाख का इनामी… ट्रक चालकों का करता था मर्डर, कौन था मुठभेड़ में मारा गया वो ‘साइको किलर’?

June 30, 2025

एक लाख का इनामी… ट्रक चालकों का करता था मर्डर, कौन था मुठभेड़ में मारा गया वो ‘साइको किलर’?

उत्तर प्रदेश डेस्क : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुई पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश संदीप लोहार मारा गया है। यमुना इलाके के मवीकलां में एसटीएफ और संयुक्त कार्रवाई में बदमाश को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया था। बता दें कि संदीप लोहार मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले के भैणी महाराज गांव का रहने वाला था। यह अपराधी रात के समय हाईवे पर ट्रक चालकों की हत्या कर लूट की वारदातों को अंजाम देता था।

संदीप वांछित बदमाश था, जिसने 15 मई की रात को यूपी के कानपुर जिले के पनकी इलाके में एक ट्रक को लूट लिया था। निकिल प्लेट से भरे इस ट्रक में लगभग 4 करोड़ रुपये का माल था। पुलिस को तभी से उसकी तलाश थी। पुलिस ने उसके ऊपर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस को रविवार रात पता लगा था कि बागपत के मवीकलां इलाके में आरोपी संदीप लोहार मौजूद है।

संदीप ने शुरू की फायरिंग

पुलिस के अनुसार एसटीएफ के साथ संयुक्त टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की तो संदीप ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में संदीप के पैर और छाती में गोली लग गई। सूत्रों के मुताबिक संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को मौके से पिस्टल, बाइक और कारतूस मिले हैं। इस मुठभेड़ में एसटीएफ का एक सिपाही भी घायल हुआ है, जिसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

संदीप पर दर्ज थे 16 केस

संदीप के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 16 केस दर्ज थे, जिनमें 4 मामले मर्डर के हैं। आरोपी ट्रक चालकों से लूट की वारदातों को अंजाम देता था। विरोध करने पर वह ट्रक चालकों को बेरहमी से मौत के घाट उतार देता था। पुलिस विभाग में वह ‘साइको किलर’ के नाम से जाना जाता था। बताया जाता है कि 2013 में एक एक्सीडेंट में उसकी बेटी की मौत हो गई थी। हादसे के लिए एक ट्रक ड्राइवर जिम्मेदार था। संदीप तभी से ट्रक ड्राइवरों से खुनस रखने लगा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें