
Himachal Pradesh Landslide : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भीषण बारिश ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के चलते अब तक 37 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में देखने को मिला है, जहां जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के अनुसार, प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से अब तक 400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो 7 जुलाई तक प्रभावी रहेगा।
इन जिलों में जारी है ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने 5 जुलाई को शिमला, सोलन और सिरमौर में और 6 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट भारी से बहुत भारी बारिश और संभावित बाढ़ के उच्च जोखिम को दर्शाता है। राज्य के अन्य हिस्सों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी है। विभाग ने भूस्खलन, जलभराव और सड़कें जाम होने की आशंका जताई है।
मंडी में सबसे ज्यादा तबाही
आपको बता दें कि लगातार भारी बारिश के कारण मंडी जिले में भयंकर आपदा देखने को मिल रही है। यहां अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण घर और बुनियादी ढांचे नष्ट हो गए हैं। अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 34 लोग अभी भी लापता हैं। सड़कें अवरुद्ध हैं और बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाएं बुरी तरह बाधित हैं। NDRF, SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हवाई मार्ग से भी राहत सामग्री भेजी जा रही है।
250 से अधिक सड़कें बंद, बिजली-पानी प्रभावित
राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण:
–250 से अधिक सड़कें बंद हो चुकी हैं।
–500 से ज्यादा ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं।
–700 से ज्यादा पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
राजधानी शिमला के स्कूलों में पानी भर जाने के चलते पढ़ाई बंद करनी पड़ी है, जिससे अभिभावकों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
राज्य सरकार ने NDRF, SDRF, पुलिस और अन्य एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा है। सभी जिलों के प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखें और आपात स्थिति से निपटने को तैयार रहें। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश के कारण जलभराव, भूस्खलन और यातायात अवरोध की स्थितियां और बिगड़ सकती हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...