Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पीयूष गोयल जितनी छाती पीट लें, ट्रंप की टैरिफ समय सीमा के आगे झुकेंगे मोदी’, राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

July 5, 2025

‘पीयूष गोयल जितनी छाती पीट लें, ट्रंप की टैरिफ समय सीमा के आगे झुकेंगे मोदी’, राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को साफ कहा कि भारत किसी भी व्यापार समझौते को समय सीमा या बाहरी दबाव में आकर नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भारत केवल वही सौदे करेगा जो देश के हित में होंगे और जिसमें दोनों पक्षों को बराबर फायदा हो। गोयल ने ये बातें नई दिल्ली में आयोजित टॉय बिज़ बी2बी एक्सपो के दौरान कहीं। पीयूष गोयल के बयान पर अब राहुल गांधी ने हमला बोलते हुए कहा कि गोयल जी आप जितनी मर्जी छाती पीट लें, ट्रंप की टैरिफ समय सीमा के आगे झुकेंगे नरेंद्र मोदी।

हम किसी दबाव में आकर सौदा नहीं करते: पीयूष गोयल

पीयूष गोयल ने टॉय बिज़ बी2बी एक्सपो के दौरान कहा, “भारत का नजरिया हमेशा ठोस और सैद्धांतिक रहता है। हम वही व्यापार समझौता करेंगे जो हमारे राष्ट्रीय हितों की रक्षा करे और पारस्परिक लाभ दे।” उन्होंने बताया कि भारत अमेरिका, यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड, ओमान, चिली, और पेरू जैसे कई देशों के साथ व्यापार वार्ता में है। लेकिन उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि भारत जल्दबाज़ी में कोई समझौता करेगा। गोयल ने कहा, “हम किसी डेडलाइन या दबाव में आकर सौदा नहीं करते। जब तक कोई सौदा पूरी तरह से तैयार, ठीक से बातचीत किया गया और देश के लिए फायदेमंद नहीं होगा, तब तक हम आगे नहीं बढ़ेंगे।”

राहुल गांधी का तंज

इस बयान के एक दिन बाद, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते को लेकर कहा कि मोदी सरकार “ट्रम्प टैरिफ” की समय सीमा के आगे झुक जाएगी।राहुल गांधी ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “पीयूष गोयल आप जितनी मर्जी अपनी छाती पीट लें, लेकिन मेरे शब्दों पर ध्यान दें, मोदी ट्रम्प टैरिफ की समय सीमा के आगे झुकेंगे।” इस बयान के ज़रिए राहुल ने मोदी सरकार पर यह आरोप लगाया कि वह अमेरिका के दबाव में व्यापार समझौता करने जा रही है।

खिलौना उद्योग पर भरोसा

एक्सपो में गोयल ने भारत के खिलौना उद्योग की गुणवत्ता और निर्यात क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलौनों की मांग आज दुनिया के 153 देशों में है, और आने वाले समय में यह और बढ़ेगी। गोयल ने कहा, “हम जल्द ही खिलौना उद्योग के लिए नई सहायता योजनाएं और प्रोत्साहन लेकर आएंगे। भारत में 1.4 अरब की आबादी है, और हर उम्र के लोगों को खिलौनों की जरूरत होती है। यह क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें