Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय मूल के व्यक्ति को ब्रिटेन में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार करने के जुर्म में उम्रकैद

July 5, 2025

भारतीय मूल के व्यक्ति को ब्रिटेन में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार करने के जुर्म में उम्रकैद
लंदन। लंदन में एक लड़की के साथ बलात्कार तथा एक महिला के साथ बलात्कार के प्रयास के जुर्म में भारतीय मूल के 24 वर्षीय एक व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि नवरूप सिंह को शुक्रवार को आइलवर्थ क्राउन अदालत ने बलात्कार समेत पांच अपराधों के जुर्म में न्यूनतम 14 साल की कैद की सजा सुनाई। उसने तीन अपराधों में अपना गुनाह कबूल कर लिया था, जिनमें दंडनीय अपराध को करने के इरादे से नकली बंदूक रखना, 13 साल से कम उम्र की लड़की के साथ बलात्कार आदि के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा उसे अक्टूबर 2024 में पश्चिम लंदन में एक महिला के साथ बलात्कार के प्रयास का भी दोषी ठहराया गया है। आइलवर्थ क्राउन अदालत में चार दिन तक सुनवाई चली।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस में पश्चिमी क्षेत्र में संबद्ध पुलिस व्यवस्था के कार्यवाहक मुख्य अधीक्षक सीन लिंच ने कहा, ‘‘मैं पीड़िताओं और उनके परिवारों की ताकत की सराहना करना चाहता हूं तथा इन भयावह घटनाओं की रिपोर्ट करने में उनकी अटूट बहादुरी के लिए उनका धन्यवाद करना चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज की सजा अधिकारियों की गहन जांच का प्रमाण है, जिसने एक हिंसक यौन अपराधी की पहचान की है और निस्संदेह आगे के नुकसान को रोका है।’’ पिछले साल 13 अक्टूबर को एक महिला के साथ बलात्कार के प्रयास की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
सिंह ने 13 अक्टूबर तड़के साउथहॉल पार्क में नकली बंदूक का डर दिखाकर एक महिला के साथ बलात्कार की कोशिश की थी। पुलिस जब इस मामले की जांच कर रही थी, तब लड़की के साथ बलात्कार की अन्य घटनाएं हुईं। सिंह को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें