
लुधियाना: ब्याज के 17 हजार रुपयों को लेकर हुआ विवाद ही न्यू करतार नगर, सलेम टाबरी की रहने वाली सोनम जैन की हत्या का कारण बना। पुलिस ने इस मामले में अमन नगर, चर्च वाली गली के रहने वाले संजीव कुमार उर्फ काकू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ जारी है।
डी.सी.पी. रूपिंदर सिंह ने बताया कि वारदात 21 जून की है। न्यू करतार नगर की रहने वाली महिला सोनम जैन का घर में ही घुसकर कत्ल कर दिया गया। सोनम जैन के पति सुरिंदर कुमार के आने पर ही वारदात का पता चला। सोनम की लाश बाथरूम में पड़ी मिली। उस पर तेजधार हथियारों से वार किए गए थे। सूचना मिलने पर थाना सलेम टाबरी के इंचार्ज अमृतपाल सिंह व उनकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर के सी.सी.टी.वी. कैमरों में एक युवक अंदर दाखिल होता व बाहर जाता न जर आया। बाहर जाते हुए वह घर से एक बैग भी ले गया। युवक ने रूमाल से चेहरा ढका हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोनम जैन ब्याज पर पैसे देने का काम करती थी। पुलिस ने इसी दिशा में जांच शुरू की और जिन लोगों ने सोनम से पैसे लिए थे, लिस्ट बनाकर उनसे पूछताछ की। इसके बाद ही पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे काबू किया। आरोपी ने बताया कि उसने सोनम जैन से पैसे ब्याज पर लिए थे। ब्याज पर लिए रुपयों की कुछ किश्तें टूट गई थी। इस कारण सोनम जैन ने उसकी मां को अपशब्द कहे। मां की इस तरह बेईज्जती किए जाने के बाद वह आपा खो बैठा और उसने घर में घुसकर सोनम जैन का कत्ल कर दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...