Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

टेक्सास में आई भयंकर बाढ़ से हुई मौतों का आंकड़ा हुआ 100, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जताया दुख

July 8, 2025

टेक्सास में आई भयंकर बाढ़ से हुई मौतों का आंकड़ा हुआ 100, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जताया दुख

Texas Flood : संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस हाल ही में अमेरिका के टेक्सास में आई बाढ़ के कारण हुए जान-माल के नुकसान से बेहद दुखी हैं। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र महासचिव हाल ही में टेक्सास में आई बाढ़ के कारण हुए जान-माल के नुकसान से बेहद दुखी हैं, खासकर बड़ी संख्या में बच्चों की मौत से। यह त्रासदी उस समय हुई, जब यह त्योहारी छुट्टी वाला सप्ताहांत होना चाहिए था।”

लोग अभी भी लापता-
प्रवक्ता ने कहा, “गुटेरेस ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रभावित सभी लोगों, टेक्सास के नागरिकों और अमेरिकी सरकार के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की।” अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका के टेक्सास में अचानक आई बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 100 से अधिक हो गई है, जबकि कई लोग लापता भी हैं।

जीवित बचे लोगों के मिलने की उम्मीदें धूमिल-
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, राहत और बचाव दल की टीमें नदी के किनारों पर अभियान चला रही हैं, जो कीचड़ से भर गए हैं। इस बीच, क्षेत्र में अभी भी बारिश और तूफान की आशंका है। त्रासदी के चार दिन बाद, अब जीवित बचे लोगों के मिलने की उम्मीदें धूमिल होती जा रही हैं।

कैंप मिस्टिक ने मौतों कि पुष्टि की-
ईसाई लड़कियों के समर कैंप ‘कैंप मिस्टिक’ ने पुष्टि की है कि इस आपदा में कम से कम 27 लड़कियों और कर्मचारियों की मौत हो गई है। 10 लड़कियां और एक कैंप काउंसलर अभी भी लापता हैं।

व्हाइट हाउस ने सुझावों को किया खारिज-
इस बीच, व्हाइट हाउस ने उन सुझावों को खारिज कर दिया है कि राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के बजट में कटौती से आपदा प्रतिक्रिया प्रभावित हो सकती है।बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, कैर काउंटी में कम से कम 84 पीड़ितों की मौत हो गई। इनमें 56 वयस्क और 28 बच्चे शामिल हैं। कैंप मिस्टिक ने कहा, “इस त्रासदी से जूझ रहे परिवारों के लिए हमारा दिल टूट गया है।”

अधिक तूफान आने का खतरा-
काउंटी शेरिफ के कार्यालय ने कहा कि 22 वयस्कों और 10 बच्चों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। कैंप मिस्टिक के सह-मालिक और निदेशक 70 वर्षीय रिचर्ड ईस्टलैंड ने बच्चों को बचाने की कोशिश करते हुए अपनी जान गंवा दी। राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, आने वाले दिनों में और अधिक तूफान आने की उम्मीद है, जिससे और अधिक बाढ़ आ सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें