नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्षी नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भुवनेश्वर में “संविधान बचाओ सम्मेलन” के दौरान चुनाव आयोग (ईसीआई) पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग अब भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) का एक विंग बन चुका है और बिहार में भी महाराष्ट्र जैसी चुनाव धोखाधड़ी की साजिश रची जा रही है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी के आरोपों पर तीखा जवाब दिया।
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी अब अपनी पार्टी की हार को छुपाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं। प्रधान ने राहुल की भुवनेश्वर रैली को “राजनीतिक पर्यटन” करार दिया और कहा कि यह कांग्रेस के युवराज का एक और नाटक था।
उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा आयोजित संविधान बचाओ रैली असल में राहुल गांधी का एक और राजनीतिक पर्यटन था।” उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “आज उनकी हालत उस पुरानी कहावत जैसी हो गई है, ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’, यानी जब खुद कोई काम न हो, तो दूसरों पर आरोप लगाना।”
धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी कहा कि कांग्रेस का यह सम्मेलन संविधान बचाने के लिए नहीं, बल्कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी को बचाने के लिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि ओडिशा में कांग्रेस का कोई असर नहीं है, और वहां के गरीब, दलित, आदिवासी और किसान कांग्रेस को पहले ही नकार चुके हैं।
प्रधान ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, “कांग्रेस के समय में जो दिल्ली से पैसा आता था, वह बिचौलियों के पास चला जाता था। एससी, एसटी और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की अनदेखी होती थी। अगर कांग्रेस सत्ता में रहती तो गरीबों और आदिवासियों के अधिकार सुरक्षित नहीं रह सकते थे।”
धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा कि कांग्रेस अब अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसलिए वह चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा, “जिस पार्टी ने देश में आपातकाल लागू करके संविधान और लोकतंत्र को कुचला, वही अब संविधान बचाने की बात कर रही है। यह जनता को भ्रमित करने की कोशिश है, लेकिन अब देश ने कांग्रेस की हर चाल और झूठ को पहचान लिया है।” इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।