Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दर्दनाक हादसा : अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार, एक ही परिवार के 3 लोगों की हुई मौत

July 12, 2025

दर्दनाक हादसा : अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार, एक ही परिवार के 3 लोगों की हुई मौत

Patna accident : बिहार की राजधानी पटना के रानी तालाब इलाके में शनिवार को एक अनियंत्रित कार नहर में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अनियंत्रित कार सोन नहर में गिरी

पुलिस के अनुसार, हादसा रानी तालाब थाना क्षेत्र के सरया गाँव में हुआ, जहाँ एक अनियंत्रित कार सोन नहर में गिर गई। कार में पाँच लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस

रानी तालाब थाने के एक अधिकारी ने बताया कि राया गाँव के पास एक वाहन के नहर में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से पाँचों लोगों को नहर से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान निर्मला देवी (52), नीतू सिंह (35) और अस्तित्व सिंह (10) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वैशाली ज़िले के नंदन सिंह अपने परिवार के साथ कार से छत्तीसगढ़ से अपने गाँव लौट रहे थे।

माना जा रहा है कि गाड़ी चलाते समय नंदन सिंह को नींद आ गई, जिसके कारण वह कार पर से नियंत्रण खो बैठे और कार नहर में गिर गई। इस हादसे में नंदन सिंह की माँ, पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि नंदन सिंह और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें