Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Swachh Survekshan-2024: स्वच्छता सर्वेक्षण में अहमदाबाद देश में नंबर 1, भोपाल और लखनऊ ने चौंकाया, इन शहरों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

July 13, 2025

Swachh Survekshan-2024: स्वच्छता सर्वेक्षण में अहमदाबाद देश में नंबर 1, भोपाल और लखनऊ ने चौंकाया, इन शहरों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

Swachh Survekshan-2024 : केंद्र सरकार ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस बार गुजरात का अहमदाबाद शहर देश का सबसे साफ शहर बना है। वहीं, भोपाल और लखनऊ ने भी स्वच्छता की दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया है। भोपाल ने इस बार पूरे देश में दूसरा स्थान पाया है। पिछले साल भोपाल पांचवें स्थान पर था, यानी इस बार उसने तीन स्थानों की छलांग लगाई है। लखनऊ ने सबको चौंका दिया है। लखनऊ पिछले साल 44वें स्थान पर था, लेकिन इस बार वह सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

राष्ट्रपति भवन में होगा सम्मान समारोह, भोपाल को मिला आमंत्रण

स्वच्छता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले शहरों को राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 जुलाई को दिल्ली में टॉप शहरों को अवॉर्ड देंगी। भोपाल नगर निगम को इस कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मिल चुका है। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी भी इस समारोह में भाग लेंगे।

‘सुपर स्वच्छता लीग’ में शामिल शहरों की रैंकिंग नहीं होती

स्वच्छता सर्वेक्षण में एक नई श्रेणी ‘सुपर स्वच्छता लीग’ बनाई गई है। इसमें वे शहर शामिल किए गए हैं जो लगातार तीन साल तक टॉप-3 में रहे हैं। इस लीग में इंदौर, सूरत, और नवी मुंबई जैसे 15 शहर शामिल हैं। इन शहरों की अब रैंकिंग नहीं की जाती, लेकिन उन्हें स्वच्छता के लिए 12,500 अंकों में से अंक दिए जाते हैं।

इंदौर लगातार 7 बार बना नंबर-1, लेकिन इस बार रैंकिंग से बाहर

-इंदौर ने पिछले सात सालों में लगातार देश का सबसे साफ शहर बनने का रिकॉर्ड बनाया है।

-लेकिन इस बार वह सुपर लीग में चला गया है, इसलिए उसकी कोई रैंकिंग नहीं की गई।

क्यों बनाई गई सुपर स्वच्छता लीग?

-कुछ शहर लगातार टॉप-3 में बने रहते थे, जिससे दूसरे शहरों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो रहा था।

-इसलिए सरकार ने ऐसे टॉप शहरों को अलग लीग में डाल दिया, ताकि बाकी शहरों को भी मौका मिल सके।

मध्यप्रदेश के किन शहरों को मिलेगा अवॉर्ड?

मध्यप्रदेश के 5 शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में अवॉर्ड मिलने जा रहे हैं जिनमें भोपाल, देवास और शाहगंज – प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड की दौड़ में। जबलपुर – मिनिस्ट्रीयल कैटेगरी में सम्मानित होगा। ग्वालियर – स्टेट लेवल अवॉर्ड के लिए चुना गया है।

सुपर लीग में मध्यप्रदेश के तीन शहर शामिल

-इंदौर

-उज्जैन (सीएम मोहन यादव का गृह जिला)

-बुदनी (पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का निर्वाचन क्षेत्र)

-इन तीनों शहरों को उनकी लगातार उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था के कारण सुपर लीग में शामिल किया गया है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें